Home खेल छगन और कविता ने जीती मुंबई हाफ मैराथन
खेल - August 22, 2022

छगन और कविता ने जीती मुंबई हाफ मैराथन

मुंबई, 21 अगस्त (ऐजेंसी/अशोक एक्सप्रेस)। महाराष्ट्र के छगन बोम्बले और आंध्र प्रदेश की कविता रेड्डी ने रविवार को यहां बांद्रा कुर्ला परिसर में मुंबई हाफ मैराथन 2022 में क्रमश: पुरूष और महिला खिताब अपने नाम किये। छगन ने जियो गार्डन्स से शुरू हुई 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन एक घंटे 16.11 मिनट में खत्म की और दूसरे स्थान पर रहने वाले भगतसिंह वाल्वी से एक मिनट आगे रहे।

भगतसिंह वाल्वी एक घंटे 17.51 मिनट के समय से दूसरे और अनिल जिंदल एक घंटे 18.20 मिनट के समय से तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं की स्पर्धा भी एकतरफा रही जिसमें कविता रेड्डी ने एक घंटे 37.03 मिनट में रेस समाप्त की जिससे वह अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी तन्मया कर्माकर से तीन मिनट आगे रहीं। तन्मया कर्माकर ने एक घंटे 40.18 मिनट का समय लिया। केतकी साठे एक घंटे 44.55 मिनट के समय से तीसरे स्थान पर रही।

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने रेस शुरू की और विजेताओं को सम्मानित किया। तेंदुलकर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘‘महामारी के कारण पिछले दो साल हर किसी के लिये काफी चुनौतीपूर्ण रहे लेकिन उसके बाद शहर में आयोजित हुई पहली बड़ी मैराथन में इतने लोगों को देखकर मुझे काफी खुशी हो रही है।’’

पुरूषों की 10 किलोमीटर रेस में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली जिसमें अमित माली (0:33:42) पहले स्थान पर रहे। करण शर्मा दूसरे और संजय जकाने तीसरे नंबर पर रहे। महिलाओं की 10 किलोमीटर स्पर्धा में रोहिणी माया पाटिल (0:41:32) प्रथम रहीं। प्रियंका पाइकाराव ने रजत और प्रियंका कैलाश ने कांस्य पदक जीता।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

ब्रिटेन के व्यापार मंत्री भारत आने वाले ‘ग्रेट नॉर्थ’ प्रतिनिधिमंडल का करेंगे नेतृत्व

लंदन, 09 अक्टूबर (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने …