Home अंतरराष्ट्रीय अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी की आधिकारिक तस्वीरों का व्हाइट हाउस में अनावरण

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी की आधिकारिक तस्वीरों का व्हाइट हाउस में अनावरण

वाशिंगटन, 08 सितंबर (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा की आधिकारिक तस्वीरों का व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान बुधवार को अनावरण किया गया।

इस कार्यक्रम में ओबामा दंपति के अलावा राष्ट्रपति जो बाइडन, प्रथम महिला जिल बाइडन, उप राष्ट्रपति कमला हैरिस तथा अन्य लोग शामिल हुए। बाइडन ने राष्ट्रपति कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ के ईस्ट रूम में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बराक ओबामा तथा मिशेल ओबामा अमेरिकी जनता के दिलों के काफी करीब हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जिल और मैं व्हाइट हाउस में कार्यक्रमों को आयोजित करने का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अब महामारी से निकलने के बाद हम अपने दो मित्रों की तस्वीरों का अनावरण कर रहे हैं। दोनों अब भी अमेरिकी लोगों के दिलों के काफी करीब हैं। ये तस्वीरें इस पवित्र स्थान पर लगेंगी और यहां मौजूद लोगों तथा उन लोगों को जो आगे सत्ता में आएंगे उनको याद दिलाएंगी कि उम्मीद और बदलाव मायने रखता है।’’

ये तस्वीरें ‘व्हाइट हाउस हिस्टॉरिकल एसोसिएशन’ ने बनवाई हैं। इस संस्था ने यह परंपरा 1965 में शुरू की थी। यह एक गैर लाभकारी संगठन है जो व्हाइट हाउस के इतिहास को संरक्षित करने और उसे जनता के लिए सुलभ बनाने की दिशा में काम करता है। पहली बार उन कलाकारों के नाम उजागर किए गए हैं जिन्होंने ये तस्वीरें बनाई हैं। पूर्व राष्ट्रपति ओबामा की तस्वीर रॉबर्ट मैकर्डी ने और मिशेल ओबामा की तस्वीर शैरन स्प्रंग ने बनाई है।

इस कार्यक्रम में अपने संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति ने कहा यह सौभाग्य की बात है कि बाइडन राष्ट्रपति हैं। उन्होंने कहा कि इन तस्वीरों का विशेष महत्व है क्योंकि ये व्हाइट हाउस में पूर्व राष्ट्रपतियों तथा पूर्व प्रथम महिलाओं की तस्वीरें के साथ लगेंगी। तस्वीर में ओबामा काले रंग का सूट पहने हैं और ग्रे रंग की टाई लगाए हुए हैं वहीं मिशेल नीले रंग की एक ड्रेस पहने हैं और सोफे पर बैठी हैं।

मिशेल ओबामा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा। अपने संबोधन में उन्होंने राष्ट्रपति का कार्यकाल समाप्त होने के पश्चात सत्ता के सहज एवं शांतिपूर्ण हस्तांतरण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा वक्त समाप्त हो जाए तो हमें आगे बढ़ना चाहिए।’’ उनका इशारा उन घटनाओं की ओर था जब ट्रंप 2020 में राष्ट्रपति पद का चुनाव हार गए थे और लेकिन उन्होंने चुनावी नतीजों को मानने से इनकार किया था और उनके समर्थकों ने ससंद परिसर में हिंसा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

महिला आरक्षण संबंधी विधेयकों पर रणनीति तय करेंगे विपक्षी दल

नई दिल्ली, 15 अप्रैल (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। विपक्षी दल महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों …