Home अंतरराष्ट्रीय इजराइल ने गाजा पट्टी में एक और आतंकी कमांडर को मार गिराया

इजराइल ने गाजा पट्टी में एक और आतंकी कमांडर को मार गिराया

गाजा सिटी, 11 मई (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। इजराइली हवाई हमले में बृहस्पतिवार को गाजा पट्टी में एक और आतंकी कमांडर मारा गया और इसके साथ ही हालिया संघर्ष में अब तक फलस्तीनी पक्ष के 25 लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं, मिस्र द्वारा संघर्षविराम के प्रयासों के बीच गाजा की ओर से दक्षिणी इजराइल में रॉकेट दागे जाना जारी रहा।

गाजा में इजराइल और फलस्तीनी आतंकियों के बीच पिछले कुछ महीनों में यह सबसे भीषण लड़ाई साबित हुई है।

इजराइली सेना ने बृहस्पतिवार तड़के आतंकवादी समूह ‘इस्लामिक जिहाद’ के खिलाफ हमले किए। सेना ने कहा कि हवाई हमले में आतंकी समूह के एक वरिष्ठ कमांडर अली घाली को मार गिराया गया। इजराइली हमले में उस अपार्टमेंट को निशाना बनाया गया, जिसमें अली रहता था।

सेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हागरी ने इजराइली ‘आर्मी रेडियो’ को बताया कि हमले में दो अन्य आतंकवादी भी मारे गए हैं।

हालांकि, किसी संगठन ने मारे गए दो लोगों के अपना सदस्य होने का दावा नहीं किया है।

यह हमला दक्षिणी गाजा पट्टी के एक रिहायशी इलाके की इमारत के सबसे ऊपरी तल को निशाना बनाकर किया गया। हमले से निवासियों में दहशत फैल गई और सड़कों पर कांच के टुकड़े और मलबा बिखरा दिखाई दिया।

स्थानीय निवासी अब्दुल्ला हिमेद ने कहा, ‘‘मेरे बच्चे रोने लगे। धूल, टूटे शीशे और मलबे के कारण मुझे कुछ भी दिखाई नहीं दिया।’’

इस बीच, समूह ‘इस्लामिक जिहाद’ ने कहा है कि वह तभी संघर्षविराम का पालन करेगा, जब इजराइल उसके लड़ाकों को निशाना बनाकर हत्याएं रोकने पर सहमत होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

सैनिकों को मिले सम्मान जिसके हैं वे हकदार: राहुल गांधी

नई दिल्ली, 02 अप्रैल (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में व…