Home देश-दुनिया तीन दिवसीय दौरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ में, डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना को देंगे गति

तीन दिवसीय दौरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ में, डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना को देंगे गति

लखनऊ, 12 नवंबर (ऐजेंसी/अशोक एक्सप्रेस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को यहां पहुंच गये। इस दौरान वह विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के एक आधिकारिक बयान में दी गयी जानकारी के अनुसार लखनऊ में रक्षा मंत्री का पहला कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना की बैठक में हिस्सा लेने का है। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित बैठक में रक्षा उपकरणों का उत्पादन करने वाली देश की दिग्गज कंपनियों के विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का विस्तार प्रदेश में छह नोड (आगरा, अलीगढ़, झांसी कानपुर, चित्रकूट और लखनऊ) तक विस्तृत है। इसमें 11207.63 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे करीब ढाई लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होने की उम्मीद जताई गई है। इसके लिए 1482 हेक्टेयर का लैंड बैंक बनाया गया है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की छह यूनिटों के तहत अब तक 24 कंपनियों को 337 हेक्टेयर भूमि आवंटित कर दी गई है। इस परियोजना के तहत लखनऊ और झांसी में ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण के लिए राजधानी में 80 हेक्टेयर और झांसी में भारत डायनामिक्स को 183 हेक्टेयर जमीन आवंटित की गई है। शुक्रवार को बैठक में इन योजनाओं पर चल रहे काम की प्रगति की समीक्षा भी की जानी है। रक्षा मंत्री शाम को करीब चार बजे बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी में पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय डा.अखिलेश दास की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। फिर शाम को साढ़े पांच बजे सुशांत गोल्फ सिटी सेक्टर सी में द सेंट्रम का उद्घाटन करके दिलकुशा में अपने आवास पर चले जाएंगे। अगले दिन शनिवार को पीटीसी इंडस्ट्रीज परिसर, कानपुर रोड में आयोजित लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी दिन शाम को चार बजे सीएमएस गोमती नगर विस्तार में ममता चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम शामिल होंगे। शाम को ही रुचि खंड -1, शारदा नगर में निजी स्कूल की नई शाखा का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद अपने आवास वापस होंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार सुबह 11ः30 बजे पूर्व सैनिक कल्याण निगम परिसर, तलीबाग में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के रजत जयंती समारोह फिर कृष्णा नगर में दोपहर तीन बजे ब्राह्मण परिवार के 16वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम को 4ः30 बजे एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Check Also

सिख धर्म सिखाता है कि एक परिवार के रूप में मनुष्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं: अमेरिकी नेता

वाशिंगटन, 11 अप्रैल (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। न्यूयॉर्क के एक प्रभावशाली नेता ने वैसाखी स…