Home अंतरराष्ट्रीय युद्ध में मारे गए अब तक 243 बच्चे : जेलेंस्की

युद्ध में मारे गए अब तक 243 बच्चे : जेलेंस्की

कीव, 02 जून (ऐजेंसी/अशोक एक्सप्रेस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस द्वारा यूक्रेन से जिन लोगों को बलपूर्वक ले जाया गया है, उसमें दो लाख बच्चे भी शामिल हैं। रूस हमलों के सौ दिनों में अब तक 243 यूक्रेनी बच्चों की मौत हो चुकी है। 446 घायल हुए, 139 लापता हैं।

जेलेंस्की ने कहा कि रूसी हमलों के बाद से यूक्रेन के पूर्वी इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों को जबरन रूस ले जाया गया है। इनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं। इन बच्चों को अनाथालय और उनके माता-पिता के साथ भी ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि रूस का मकसद यूक्रेन की यादों को मिटाना और पकड़े गए लोगों को लौटने के काबिल नहीं छोड़ना है।

उन्होंने कहा कि यूक्रेन दोषियों को दंडित करेगा, लेकिन पहले वह रूस को युद्ध के मैदान में दिखा देगा कि यूक्रेन को जीता नहीं जा सकता, हमारे लोग आत्मसमर्पण नहीं करेंगे और हमारे बच्चे आक्रमणकारियों की संपत्ति नहीं बनेंगे। उन्होंने 11 बच्चों के नामों का जिक्र किया और उनकी मौत के बारे में जानकारी दी।

यूक्रेन, रूस में नहीं दागेगा रॉकेट : अमेरिका
वाशिंगटन। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने गुरुवार को कहा कि यूक्रेन को मध्यम दूरी की रॉकेट प्रणाली देने के लिए जर्मनी और अमेरिका इसलिए तैयार है क्योंकि यूक्रेन ने आश्वासन दिया है कि वो इसका प्रयोग रूसी क्षेत्र में नहीं करेगा। ज्ञात रहे कि रूस की बेहतर सुसज्जित सेना को रोकने में यूक्रेन की सफलता के पीछे पश्चिमी हथियारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसकी बदौलत राजधानी कीव पर कब्जा करने के रूसी प्रयास को विफल किया गया। यही कारण है कि रूस अब डोनबास को जीतने की ओर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

यूक्रेन ने की प्रशंसा
जर्मनी और अमेरिका द्वारा यूक्रेन को मध्यम दूरी की आधुनिक मिसाइल दिए जाने के फैसले की यूक्रेन ने प्रशंसा की। यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख एंड्री येरमाक ने कहा कि इन देशों से मिलने वाले इन हथियारों से हम रूस का बेहतर तरीके से मुकाबला कर सकेंगे और हमें उम्मीद है कि जीत हमारी होगी।

तीन सप्ताह का लगेगा समय
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन को जो हथियार दिए जाने हैं, उसके लिए सैनिकों को प्रशिक्षित करने से लेकर हथियारों को युद्ध मैदान में लाने तक कम से कम तीन सप्ताह का समय लग सकता है। रक्षा अवर सचिव कॉलिन काहल का कहना है कि हमें उम्मीद है कि युद्ध का रुख मोड़ने वाले ये हथियार समय पर यूक्रेन पहुंच जाएंगे।

रूस पर यूक्रेन दाग सकता है मिसाइल: पेसकोव
मॉस्को। रूसी प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि अमेरिका और जर्मनी से मिलने वाले हथियारों का उपयोग यू्क्रेन रूस पर हमला करने के लिए कर सकता है। कर्नल मिखाइल मिजिंटजेव ने कहा कि यूक्रेन इन हथियारों का इस्तेमाल रूस पर हमला करने के लिए कर सकता है। वह पूर्वोत्तर सुमी क्षेत्र से अमेरिका द्वारा प्रदान की गई मिसाइल को रूस के सीमावर्ती क्षेत्रों में दागने की योजना बना रहा है।

उकसावे की कार्रवाई कर रहा अमेरिका: लावरोव
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि यूक्रेन को हथियार उपलब्ध करवाकर अमेरिका उकसावे की कार्रवाई कर रहा है। अमेरिका इस युद्ध को लंबा खींचना चाहता है। विरोधी देश को अधिक हथियार उपलब्ध कराना सीधे तौर पर रूस को युद्ध के लिए उकसाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि मल्टीपल रॉकेट लांचर विस्तारित संघर्ष का जोखिम बढ़ाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Check Also

कच्चा तेल 84 डॉलर प्रति बैरल के करीब, पेट्रोल-डीजल की कीमत स्थिर

नई दिल्ली, 15 मई (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों मे…