Home व्यापार रुपया शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले संकीर्ण दायरे में नजर आया
व्यापार - July 26, 2022

रुपया शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले संकीर्ण दायरे में नजर आया

मुंबई, 26 जुलाई (ऐजेंसी/अशोक एक्सप्रेस)। कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती आने और अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के सख्त रुख जारी रखने की आशंकाओं के बीच मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले शुरुआती घंटे में एक संकीर्ण दायरे में कारोबार करता दिखा।

अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 79.73 के भाव पर खुला और एक संकीर्ण दायरे में कारोबार करता हुए दिखा। शुरुआती सौदों में रुपये ने डॉलर के मुकाबले 79.79 का निचला स्तर भी छुआ।

सोमवार को रुपया 12 पैसे की मजबूती के साथ 79.78 रुपये प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ था।

मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, मंगलवार को कारोबार की शुरुआत रुपये ने मजबूती के साथ की। लेकिन घरेलू शेयर बाजारों में सुस्ती और विदेशी पूंजी की निकासी जारी रहने का असर रुपये पर पड़ा और वह थोड़ा कमजोर होने लगा।

रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक श्रीराम अय्यर ने कहा कि निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक का इंतजार कर रहे हैं लिहाजा वे अभी एहतियात बरत रहे हैं। लेकिन कच्चे तेल के दाम बढ़ने और वैश्विक वृद्धि को लेकर आशंका गहराने से डॉलर की स्थिति प्रभावित हो सकती है।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत गिरकर 106.37 पर आ गया।

वहीं अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.31 प्रतिशत की मजबूती के साथ 106.61 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

शेयर बाजारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 844.78 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

हंगामे के बीच एमएसएमई संशोधन विधेयक लोकसभा से पारित, संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 10 अगस्त तक स्थगित

नई दिल्ली, 07 अगस्त (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा ने शुक्रवार …