Home खेल धोनी से लेकर कोहली और केपी से लेकर वॉर्नर तक ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
खेल - August 16, 2022

धोनी से लेकर कोहली और केपी से लेकर वॉर्नर तक ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 15 अगस्त (ऐजेंसी/अशोक एक्सप्रेस)। सोशल मीडिया पर बहुत कम उपस्थिति दर्ज कराने वाले महेंद्र सिंह धोनी से लेकर ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर सहित कई खिलाड़ियों ने भारत को 76वें स्वतंत्रता दिवस पर सोमवार को बधाई और शुभकामनाएं दी।

भारत के सबसे सफल कप्तानों में से धोनी सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखते हैं लेकिन उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पिछले दो वर्षों में पहली बार इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर बदली। उन्होंने तिरंगे के साथ तस्वीर डाली और संस्कृत में कैप्शन लिखा।

आईसीसी की तीनों बड़ी ट्रॉफियां जीतने वाले एकमात्र भारतीय कप्तान धोनी ने लिखा, ‘‘धन्य अस्मि भारतवेन’’। उन्होंने इसका हिंदी और अंग्रेजी अनुवाद भी साथ में दिया है। धोनी ने लिखा है, ‘‘भाग्य है मेरा मैं एक भारतीय हूं।’’

पूर्व भारतीय कप्तान और धोनी के प्रशंसक विराट कोहली ने भी इसके बाद ट्विटर पर अपनी तस्वीर बदली और उसमें तिरंगा लगाया। उन्होंने लिखा, ‘‘75 गौरवशाली वर्ष। एक भारतीय होने पर गर्व है। सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। जय हिंद।’’

भारत स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने पर आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है।

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अपनी विशेष अंदाज में हिंदी में ट्वीट करके स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।

सहवाग ने लिखा, ‘‘न पूछो ज़माने को कि क्या मेरी कहानी है, हमारी पहचान तो बस इतनी है कि हम हिंदुस्तानी है। हर करम अपना करेंगे ए वतन तेरे लिए दिल दिया है…जां भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए!! स्वतंत्रता दिवस की आप सभी को अनेक शुभकामनाएं।’’

सहवाग ने इसके साथ ही एक तस्वीर भी पोस्ट की है जिसमें वह तिरंगा बना रहे हैं। इसके नीचे उन्होंने कैप्शन दिया है ‘‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा।’’

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने भी भारत को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी।

इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलकर भारत में अपने कई प्रशंसक बनाने वाले सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर भी इनमें शामिल हैं।

वॉर्नर ने तिरंगे की तस्वीर के साथ लिखा, ‘‘भारत में हमारे परिवार और दोस्तों के लिए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।’’

ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम की पूर्व कप्तान और पुणे में जन्मी लिसा स्टालेकर ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएं प्रेषित की।

उन्होंने लिखा, ‘‘जितना भी मैं उस देश की यात्रा करती हूं जहां मेरा जन्म हुआ उतना ही मुझे स्वतंत्रता से पहले और बात के समय के बारे में जानने को मिलता है। एक उज्जवल भविष्य का निर्माण।’’

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है।

पीटरसन ने हिंदी में ट्वीट किया, ‘‘भारत गर्व करो और लंबा खड़े रहो। आप सभी के लिए एक बेहतर कल का निर्माण कर रहे हैं।’’

अभिनव बिंद्रा, पीवी सिंधु, मीराबाई चानू, साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया, सानिया मिर्जा, सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, शिखर धवन, मिताली राज, हार्दिक पंड्या सहित देश के अन्य खिलाड़ियों ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

सैनिकों को मिले सम्मान जिसके हैं वे हकदार: राहुल गांधी

नई दिल्ली, 02 अप्रैल (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में व…