Home देश-दुनिया भाजपा में शामिल होने से पूर्व पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने की नड्डा से मुलाकात

भाजपा में शामिल होने से पूर्व पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने की नड्डा से मुलाकात

नई दिल्ली, 19 सितंबर (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) के प्रमुख अमरिंदर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने से पहले सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सिंह यहां ना सिर्फ पार्टी में शामिल होंगे बल्कि अपनी नवगठित पार्टी पीएलसी का केंद्र की सत्ताधारी पार्टी में विलय भी करेंगे।

सिंह ने मुख्यमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद पिछले साल कांग्रेस छोड़ दी थी और पीएलसी का गठन किया था।

पीएलसी ने भाजपा और सुखदेव सिंह ढींढसा की अगुवाई वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, उसका एक भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाया था और खुद सिंह को भी अपने गढ़ पटियाला शहर सीट से शिकस्त मिली थी।

पीएलसी के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने पहले बताया था कि सिंह सोमवार को दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होंगे।

रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के बाद लंदन से हाल में लौटने के बाद अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

सिंह ने 12 सितंबर को शाह के साथ अपनी मुलाकात के बाद कहा था कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, पंजाब में मादक पदार्थ-आतंकवाद के बढ़ते मामलों और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य की रूपरेखा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बहुत सार्थक चर्चा की।

दो बार मुख्यमंत्री रह चुके सिंह पूर्ववर्ती पटियाला शाही परिवार के वंशज हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया में रामायण का कठपुतली मंचन देख प्रभावित

जकार्ता (इंडोनेशिया), 07 जुलाई (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मो…