Home देश-दुनिया मुंबई में रात भर भारी बारिश हुई, आईएमडी ने ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया

मुंबई में रात भर भारी बारिश हुई, आईएमडी ने ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया

मुंबई, 06 जुलाई (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। मुंबई में रात भर मध्यम से भारी बारिश हुई और मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी करते हुए बृहस्पतिवार को यहां और अधिक भारी बारिश का अनुमान जताया है। स्थानीय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने यह जानकारी दी।

बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम से एक अधिकारी ने बताया कि तड़के पौने पांच बजे जलजमाव के कारण सायन में उसकी कुछ बसों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं।

अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया और मुंबई में बस सेवा सामान्य है।

बीएमसी के वर्षा आंकड़ों के अनुसार, बुधवार और बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि के बाद बारिश की तीव्रता बढ़ गई और दादर, माहिम, खार, माटुंगा और कुर्ला जैसे कुछ इलाकों में पिछले 12 घंटों में 40 मिलीमीटर से 70 मिलीमीटर तक वर्षा हुई।

बीएमसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे तक 24 घंटे की अवधि में क्रमश 54.28 मिलीमीटर, 48.85 मिलीमीटर और 51.07 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।

उन्होंने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुंबई केंद्र ने बुधवार शाम को अपने ‘जिला पूर्वानुमान और चेतावनी’ में मुंबई के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है, जिसमें छिटपुट स्थानों पर ”भारी से बहुत भारी वर्षा” का पूर्वानुमान जताया गया है।

नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि सुबह के व्यस्त समय के दौरान मुंबई में सड़क पर यातायात सामान्य था, किसी बड़े जलजमाव की कोई खबर नहीं है।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे दोनों मार्गों पर लोकल ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं, लेकिन कुछ यात्रियों ने दावा किया कि उपनगरीय सेवाओं में देरी हो रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

हंगामे के बीच एमएसएमई संशोधन विधेयक लोकसभा से पारित, संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 10 अगस्त तक स्थगित

नई दिल्ली, 07 अगस्त (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा ने शुक्रवार …