कांगो में 2.5 कोरड़ लोग कर रहे खाद्य संकट का सामना: संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र, 13 नवंबर (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) में लगभग 2.5 करोड़ यानी कुल आबादी का 20 प्रतिशत से ज़्यादा लोग गंभीर खाद्य संकट का सामना कर रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफ़न दुजारिक ने बुधवार को एक दैनिक ब्रीफिंग में कहा कि डीआरसी खाद्य असुरक्षा से सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों में से एक है और पूर्वी हिस्से में स्थिति विशेष रूप से गंभीर है। उन्होंने कहा कि नवीनतम एकीकृत खाद्य सुरक्षा चरण वर्गीकरण विश्लेषण के अनुसार, 2026 की पहली छमाही में यह संख्या लगभग 2.7 करोड़ तक पहुँचने का अनुमान है।
श्री दुजारिक ने कहा कि मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) उत्तरी किवु प्रांत के बेनी और लुबेरो क्षेत्रों और इतुरी प्रांत में नागरिकों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर बेहद चिंतित है। इस साल की शुरुआत से इन दोनों प्रांतों में कथित तौर पर 1,000 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका प्रभाव विनाशकारी रहा है। वर्ष 2025 की शुरुआत से कम से कम छह स्वास्थ्य केंद्रों पर हमले हुए हैं और 2024 से कम से कम 28 स्वास्थ्य केंद्र सशस्त्र हमलों से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि ओसीएचए सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का सम्मान करने और नागरिकों तथा नागरिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करता है।
गौरतलब है कि जनवरी से, पूर्वी कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में सुरक्षा स्थिति मार्च 23 मूवमेंट विद्रोही समूह के साथ नए सिरे से लड़ाई के बीच स्थिति तेजी से बिगड़ गई है। विद्रोहियों ने गोमा और बुकावु सहित कई प्रमुख शहरों पर कब्जा कर लिया है। मानवीय एजेंसियों का कहना है कि बढ़ती हिंसा ने लाखों नागरिकों को विस्थापित कर दिया है, जिससे पहले से ही गंभीर संकट और गहरा गया है।
प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया में मनाया गया विजय शंकर चतुर्वेदी का जंमदिवस
-: अशोका एक्स्प्रेस :- नई दिल्ली (आकाश शक्य )एक्रेडिटेड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एव…








