कोविंद, नायडू, मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देशवासियों को दी बधाई
नई दिल्ली, 08 मार्च (ऐजेंसी/अशोक एक्सप्रेस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा अन्य नेताओं ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
श्री कोविंद ने ट्विटर पर अपने संदेश में कहा, “अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हमारे देश की महिलाएं अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियों के नये कीर्तिमान स्थापित कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “आइए, आज के दिन हम सब महिलाओं एवं पुरुषों के बीच असमानता को पूर्णतया समाप्त करने का सामूहिक संकल्प लें।”
श्री मोदी ने ट्वीट किया, “महिला दिवस पर मैं देश की नारी शक्ति और विविध क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों को सलाम करता हूं। भारत की सरकार अपनी विभिन्न योजनाओं के जरिए गरिमा और अवसर पर जोर देते हुए महिला सशक्तीकरण पर ध्यान देती रहेगी।”
उन्होने आगे कहा, “वित्तीय समावेश से लेकर सामाजिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा से लेकर आवास, शिक्षा से लेकर उद्यमिता तक हमारी नारी शक्ति को भारत की विकास यात्रा में सबसे आगे रखने के लिए विभिन्न प्रयास किए गए हैं। ये प्रयास आने वाले समय में और भी अधिक उत्साह के साथ जारी रहेंगे।”.
श्री नायडू ने अपने संदेश में कहा, “आइए, इस दिन हम सामूहिक रूप से यह सुनिश्चित करके एक लिंग तटस्थ दुनिया बनाने का प्रयास करें कि महिलाओं के साथ किसी भी रूप में भेदभाव नहीं किया जायेगा। हम महिलाओं को उनकी गरिमा बनाए रखने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समान अवसर प्रदान करके उन्हें सशक्त बनाने का संकल्प लें।”
श्री शाह ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस’ पर शौर्य और शौर्य की प्रतिमूर्ति नारी शक्ति को नमन। महिला सशक्तीकरण के बिना मानव विकास अधूरा है। मोदी सरकार मातृशक्ति को मजबूत बनाकर उनमें नया विश्वास जगा रही है। देश को हर क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों पर गर्व है।”
श्री गांधी ने अपने संदेश में कहा, “महिलाएं अपनी बुद्धि, समर्पण और ताकत से समाज को बदलने में सक्षम हैं। उन्हें उनका लंबे समय से लंबित हक मिलना चाहिए। सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं।”
उल्लेखनीय है कि महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए प्रत्येक वर्ष यह दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं की समानता में तेजी लाने के क्रियान्वयन का आह्वान भी करता है।
राष्ट्रपति वर्ष 2020 और 2021 के लिए आज नारी शक्ति पुरस्कार प्रदान करेंगे। वर्ष 2020 का पुरस्कार समारोह 2021 में कोविड महामारी के कारण आयोजित नहीं किया जा सका था।
झारखंड, महाराष्ट्र विस चुनाव के साथ रिक्त विस सीटों के चुनाव की घोषणा
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। चुनाव आयोग ने 15 राज्यों में रिक्त विधानस…