Home देश-दुनिया यूक्रेन घटनाक्रम के बीच भारत यात्रा पर आयेंगे रूसी विदेश मंत्री

यूक्रेन घटनाक्रम के बीच भारत यात्रा पर आयेंगे रूसी विदेश मंत्री

नई दिल्ली, 30 मार्च (ऐजेंसी/अशोक एक्सप्रेस)। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव गुरुवार को दो दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली आयेंगे। यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई के बीच उनकी भारत यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विदेश मंत्रालय के अनुसार रूसी संघ के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव 31 मार्च और पहली अप्रैल को नई दिल्ली का आधिकारिक दौरा करेंगे।

लावरोव की भारतीय नेताओं के साथ बातचीत में रूस के खिलाफ अमेरिका और पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए व्यापक प्रतिबंधों के संबंध में भारत-रूस व्यापारिक संबंधों की समीक्षा किए जाने की संभावना है। प्रतिबंधों के कारण रूस से भारत को होने वाले गैस और तेल के निर्यात और रक्षा खरीद पर विपरित असर पड़ने की संभावना है। प्रतिबंधों से बचने के लिए लेन-देन की रुपये-रूबल प्रक्रिया को फिर से सक्रिय करने का प्रस्ताव विचाराधीन है।

हाल के दिनों में भारतीय कंपनियों ने रूस से रियायती दामों पर कच्चा तेल हासिल करने के सौदे किए हैं।

लावरोव चीन की यात्रा के बाद नई दिल्ली आ रहे हैं। चीन प्रवास के दौरान उन्होंने पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से भी मुलाकात की थी।

हाल के दिनों में यूक्रेन के घटनाक्रम पर भारत का समर्थन हासिल करने के लिए पश्चिमी देशों की ओर से राजनयिक मुहिम चलाई जा रही है। इसी सिलसिले में अमेरिकी विदेश मंत्रालय की वरिष्ठ अधिकारी विक्टोरिया नुलैंड और यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों ने भारतीय अधिकारियों के साथ बातचीत की थी।

ब्रिटेन की विदेश मंत्री एलिजाबेथ ट्रस की भारत यात्रा को भी इस परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है।

रूस के विदेश मंत्री यूक्रेन संकट शुरू होने के बाद पहली बार नई दिल्ली आ रहे हैं। भारत ने यूक्रेन के घटनाक्रम में रूस के खिलाफ पश्चिमी देशों की मुहिम का समर्थन नहीं किया है। भारतीय प्रतिनिधि ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और महासभा में यूक्रेन संबंधी प्रस्तावों पर मतदान से अनुपस्थित रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Check Also

सर्राफा बाजार में कमजोरी से सस्ता हुआ सोना, चांदी की भी घटी चमक

नई दिल्ली, 12 अगस्त (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। घरेलू सर्राफा बाजार में आज मामूली गिरावट नज…