Home देश-दुनिया रिमझिम बारिश से उमस भरी प्रचंड गर्मी से राहत

रिमझिम बारिश से उमस भरी प्रचंड गर्मी से राहत

नई दिल्ली, 30 जून (ऐजेंसी/अशोक एक्सप्रेस)। प्रचंड गर्मी और उमस से परेशान राष्ट्रीय राजधानी और इससे लगे क्षेत्रों के लोगों को लंबे इंतजार बाद गुरुवार सुबह हुई रिमझिम बारिश से सुकून मिला। इस बीच मौसम विभाग ने झमाझम बारिश का अनुमान जताया है।
दिल्ली में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी के बीच लोग उमस से ज्यादा परेशान रहे। दिल्ली की उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया था। ऐसे में लोगों को बारिश का बेसब्री से इंतजार था। इस बार मानसून के पहुंचने में देरी हुई। मौसम विभाग ने पहले दिल्ली में 27 जून से बारिश का अनुमान जताया गया था। इसके बाद विभाग ने अनुमान व्यक्त किया था कि 30 जून से एक जुलाई तक दिल्ली में मॉनसून दस्तक दे सकता है, तब तक उमस परेशान करेगी।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सामान्य औसत तापमान है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 80 प्रतिशत दर्ज की गई।अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि आज आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद दिल्ली यातायात पुलिस ने गुरुवार को यात्रियों के लिए एक सलाह जारी की। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट किया, “मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं।”
इससे पहले मौसम विभाग ने मध्यम से भारी बारिश की भविष्यवाणी की थी। विभाग ने कहा, “गुरुवार को मध्यम से भारी बारिश की संभावना है, जिससे दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। बारिश की तीव्रता के आधार पर यह 35 डिग्री तक गिर सकता है, जो पूरे शहर में अलग-अलग होगा।” विभाग ने कहा कि मॉनसून के गुरुवार या शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

संगठन सृजन अभियान के तहत किराडी जिला बैठक संपन्न

नई दिल्ली।( इंद्रजीत सिंह ) बवाना, संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत किराडी जिले की एक महत्त्वप…