Home खेल राष्ट्रमंडल खेल – महिला हॉकी में करो या मरो मैच जीतकर भारत सेमीफाइनल में
खेल - August 4, 2022

राष्ट्रमंडल खेल – महिला हॉकी में करो या मरो मैच जीतकर भारत सेमीफाइनल में

बर्मिंघम, 03 अगस्त (ऐजेंसी/अशोक एक्सप्रेस)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 के करो या मरो मैच में बुधवार को कनाडा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनायी। भारत ने ग्रुप-ए के अपने आखिरी मुकाबले में कनाडा को 3-2 से शिकस्त दी। भारत के लिये सलीमा टेटे, नवनीत कौर और लालरेमसियामी ने एक-एक गोल किया, जबकि कनाडा के लिये ब्रिएन स्टेयर्स और हैना हॉ ने गोल किये।
भारत ने करो या मरो मैच की शुरुआत मजबूती से करते हुए मैच के तीसरे मिनट में ही पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। गुरजीत कौर से गेंद को नेट तक पहुंचाने में चूक हुई, लेकिन सलीमा ने भारत को 1-0 की बढ़त दिलायी।
नवनीत कौर ने दूसरे क्वार्टर में लालरेमसियामी के पास को गोल में तब्दील कर भारत को 2-0 की बढ़त दिलायी, लेकिन इसके बाद कनाडा ने मैच में वापसी की। स्टेयर्स ने जहां क्वार्टर-2 की समाप्ति से ठीक पहले एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया, वहीं हैना हॉ ने तीसरे क्वार्टर के नौंवे मिनट में गोल कर मैच को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया।
ग्रुप-ए में गोल के मामलों में भारत से आगे चल रही कनाडा को मैच में सिर्फ ड्रॉ की दरकार थी, जबकि भारत के लिये जीतना जरूरी था।
भारत को चौथे क्वार्टर में गोल की सख्त आवश्यकता थी जो उन्हें लालरेमसियामी ने दिलाया। जब चौथे क्वार्टर में नौ मिनट बचे थे तब लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और भारत ने 3-2 से जीत दर्ज की।
इससे पहले भारत ने ग्रुप-ए के अपने मुकाबलों में घाना (5-0) और वेल्स (3-1) पर जीत हासिल की थी जबकि इंग्लैंड (1-3) से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में पांचवी बार जगह बनायी है, जहां उनका सामना आॅस्ट्रेलिया से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

हंगामे के बीच एमएसएमई संशोधन विधेयक लोकसभा से पारित, संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 10 अगस्त तक स्थगित

नई दिल्ली, 07 अगस्त (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा ने शुक्रवार …