‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए आनंद शर्मा ने राहुल को दीं शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 07 सितंबर (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जी-23 समूह के प्रमुख सदस्य आनंद शर्मा ने बुधवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को उनकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भारत के समावेशी लोकतंत्र को बनाए रखने और एकता को मजबूत करने का प्रयास है।
शर्मा कांग्रेस के ‘जी-23’ नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने अगस्त 2020 में पार्टी अध्यक्ष को लिखे एक पत्र में सभी स्तरों पर संगठनात्मक बदलाव और चुनाव की मांग की थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह 3,500 किलोमीटर से अधिक लंबी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने के लिए उत्सुक हैं, जब यह उनके गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के पास पहुंचेगी। हिमाचल प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होंगे।
उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘अपनी एकजुटता व्यक्त करता हूं और राहुल गांधी और सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देता हूं। भारत जोड़ो यात्रा, भारत के समावेशी लोकतंत्र को बनाए रखने, अन्याय, असमानता और असहिष्णुता के खिलाफ लोगों को एकजुट करने का एक मिशन है। साथ ही यह राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की प्रतिबद्धता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब यात्रा जम्मू-कश्मीर होते हुए मेरे गृह राज्य हिमाचल प्रदेश के पास पहुंचेगी, तो मैं उसमें शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।’’
‘भारत जोड़ो यात्रा’ बृहस्पतिवार को सुबह कन्याकुमारी से शुरू हो रही है और करीब पांच महीने में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए कश्मीर में खत्म होगी।
कांग्रेस ने इसे देश के किसी भी राजनीतिक दल द्वारा की जा रही सबसे लंबी ‘पद यात्रा’ बताया है। पार्टी ने कहा कि यह भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ है और एक ‘‘नई शुरुआत’’ का प्रतीक है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सात सितंबर 2022, एक ऐसा दिन, जब भारत का सबसे पुराना राजनीतिक दल अब तक की सबसे लंबी पदयात्रा शुरू करेगा। यह एक शांत चिंतन और नए संकल्प का दिन है।’’
भारत को अपनी कूटनीतिक रणनीति में आमूल-चूल बदलाव की जरूरत : कांग्रेस
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। कांग्रेस ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत …








