Home खेल एफआईएच ने विश्व कप 2023 के लिए ड्रॉ घोषित किए, भारत पूल-डी में
खेल - September 9, 2022

एफआईएच ने विश्व कप 2023 के लिए ड्रॉ घोषित किए, भारत पूल-डी में

भुवनेश्वर, 08 सितंबर (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने ओडिशा में होने वाले हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 के लिए गुरुवार को ड्रॉ घोषित किया। एफआईएच ने भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, स्पेन और वेल्स के साथ रखा है। गुरुवार को 16 टीम के इस टूर्नामेंट का ड्रॉ हुआ। टीम को चार पूल में बांटा गया है और प्रत्येक पूल में चार-चार टीम होंगी। विश्व कप का आयोजन 13 से 29 जनवरी तक किया जाएगा। ड्रॉ के दौरान भारत, ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम और नीदरलैंड को एक जून की उनकी एफआईएच विश्व रैंकिंग के आधार पर अपने-अपने पूल में सबसे पहले जगह मिली।

दुनिया की पांचवें नंबर की टीम भारत पूल डी में शीर्ष रैंकिंग वाली टीम है। पूल में भारत की भिड़ंत छठे नंबर की टीम इंग्लैंड, दो बार के रजत पदक विजेता स्पेन और वेल्स से होगी। स्पेन दुनिया की आठवें जबकि वेल्स 16वें नंबर की टीम है। वेल्स की टीम पहली बार विश्व कप में खेल रही है।

गत चैंपियन बेल्जियम को जर्मनी, कोरिया और जापान के साथ पूल-बी में जगह दी गई है। इसके अलावा पूल-ए में ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका, जबकि पूल-सी में नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, मलेशिया और चिली को शामिल किया गया है। एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप का आयोजन ओडिशा के भुवनेश्वर और राउरकेला में 13 जनवरी 2023 से किया जाएगा।

दुनिया में पांचवें नंबर पर काबिज भारत ग्रुप में सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम है। अपने ग्रुप में सर्वोच्च रैंक होने के बावजूद क्वार्टर फाइनल में जगह बनाना मेजबान टीम के लिए आसान नहीं होगा। भारत की टीम काफी मजबूत है। लेकिन टीम घरेलू परिस्थितियों में खेल रही है, ऐसे में उनसे घर में शानदार खेलने की उम्मीद की जा रही है।

पूल ए- ऑस्ट्रेलिया, अर्जेन्टीना, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका
पूल बी- बेल्जियम, जर्मनी, कोरिया, जापान
पूल सी- नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, मलेशिया चिली
पूल डी- भारत, इंग्लैंड, स्पेन और वेल्स

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also

संगठन सृजन अभियान के तहत किराडी जिला बैठक संपन्न

नई दिल्ली।( इंद्रजीत सिंह ) बवाना, संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत किराडी जिले की एक महत्त्वप…