Home देश-दुनिया संसद को नहीं चलने दे रही है कांग्रेस : भाजपा

संसद को नहीं चलने दे रही है कांग्रेस : भाजपा

नई दिल्ली, 27 मार्च (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस संसद को नहीं चलने दे रही है। यह पार्टी नियम-कानूनों को ताक पर रख संसद की कार्यवाही बाधित कर रही है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त किए जाने में भाजपा का कोई रोल नहीं है। यह कार्रवाई कानून की उचित प्रक्रिया के तहत लोकसभा अध्यक्ष ने की है। ऐसी कार्रवाई इससे पहले भी कई सांसदों पर की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अनेक लोग कानून के जानकार हैं। उन्हें राहुल गांधी को समझाना चाहिए।

गोयल ने कहा कि आज कांग्रेसी काले कपड़ों में सदन आए, कब तक कांग्रेस पार्टी इतने छोटे स्तर की राजनीति करती रहेगी? क्या कांग्रेसी लोकतंत्र के मंदिर को अपमानित करना चाहते हैं? क्या देश की कानून व्यवस्था को अपमानित करना चाहते हैं? गोयल ने कहा कि देश में सबके लिए कानून एक ही है। ऐसे में राहुल गांधी को भी कानून और संविधान का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस ने आज संसद भवन में काले कपड़े पहन कर विरोध प्रदर्शन किया, उस पर कई सवाल उठते हैं। गोयल ने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि वह प्रदर्शन किसके विरोध में कर रहे थे? कांग्रेस बताए कि क्या वह संविधान के खिलाफ हैं या सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ हैं? गोयल ने कहा कि देश में गांधी परिवार के लिए कोई दूसरा कानून नहीं है। संविधान में सब बराबर हैं। ऐसे में कांग्रेस का यह प्रदर्शन जन और कानून विरोधी है।

गोयल ने कहा कि कांग्रेस सांसदों ने आज लोकसभा में कागज फाड़कर आसन के पास फेंका। लोकसभा सदस्य के बार-बार कहने पर भी कांग्रेस सांसद नहीं माने। ऐसे में लोकसभा अध्यक्ष को मजबूरन सदन की कार्यवाही को स्थगित करनी पड़ी। गोयल ने कहा कि राहुल गांधी ने ओबीसी समाज का अपमान किया है। इस लिए कोर्ट ने उन्हें सजा दी है।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत ने 2019 के एक मानहानि मामले में दोषी ठहराया था। जिसके एक दिन बाद शुक्रवार को उन्हें लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसको लेकर आज कांग्रेस ने संसद से सड़क तक प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Check Also

यूक्रेन के ड्रोन हमले से रूस के ईंधन टर्मिनल पर लगी आग

मॉस्को, 24 अप्रैल (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। रूस के स्मोलेंस्क क्षेत्र में यूक्रेनी सशस्त्…