सरकारी शटडाउन लंबा खिंच सकता है: स्पीकर जॉनसन
वाशिंगटन, 14 अक्टूबर (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। रिपब्लिकन पार्टी से स्पीकर माइक जॉनसन ने सोमवार को कहा कि संघीय सरकार का ‘शटडाउन’ (सरकारी वित्तपोषण रुकने से कामकाज ठप होना) अब तक का सबसे लंबा ‘शटडाउन’ हो सकता है।
जॉनसन ने कहा कि जब तक डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद स्वास्थ्य देखभाल से संबंधित अपनी मांगों को नहीं छोड़ते और इसे (वित्त पोषण) पुन: शुरू नहीं करते, तब तक वह उनके साथ ‘‘बातचीत नहीं करेंगे’’।
‘शटडाउन’ के 13वें दिन ‘कैपिटल’ (अमेरिकी संसद भवन परिसर) में स्पीकर ने कहा कि उन्हें ट्रंप प्रशासन द्वारा बर्खास्त किए जा रहे हजारों संघीय कर्मचारियों के विवरण की जानकारी नहीं है। यह एक बेहद असामान्य सामूहिक छंटनी है जिसे व्यापक रूप से सरकार के दायरे को सीमित करने के लिए ‘शटडाउन’ का लाभ उठाने के तरीके के रूप में देखा जा रहा है।
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ‘‘सख्त’’ कटौतियों की चेतावनी दी है जो और पीड़ादायक हो सकती है। वहीं, कर्मचारी संघ मुकदमा कर रहे हैं। जॉनसन ने कहा, ‘‘हम अमेरिकी इतिहास के सबसे लंबे ‘शटडाउन’ की दिशा की ओर बढ़ रहे हैं।’’
‘शटडाउन’ पर कोई नतीजा निकलता नहीं दिख रहा जिसके कारण इसके लंबे समय तक जारी रहने की उम्मीद है। सरकारी वित्तपोषण रुकने से हुए ‘शटडाउन’ के कारण नियमित सरकारी कामकाज ठप पड़ गया है, स्मिथसोनियन संग्रहालय और अन्य ऐतिहासिक सांस्कृतिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं और हवाई अड्डों पर उड़ानों में व्यवधान के कारण अफरा-तफरी मच गई है जिससे पहले से ही अनिश्चित अर्थव्यवस्था में और अनिश्चितता पैदा हो गई है।
जॉनसन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस हफ्ते सैन्य कर्मियों का वेतन सुनिश्चित करने के लिए धन्यवाद दिया। एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर सोमवार को पुष्टि की कि तटरक्षक बल को भी वेतन मिल रहा है। यह शटडाउन एक अक्टूबर को तब शुरू हुआ जब डेमोक्रटिक पार्टी के सदस्यों ने अल्पकालिक वित्तीय सहायता के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और मांग की कि विधेयक में ‘अफोर्डेबल केयर एक्ट’ के तहत स्वास्थ्य बीमा के लिए संघीय रियायत का विस्तार शामिल किया जाए।
ब्रिटेन के व्यापार मंत्री भारत आने वाले ‘ग्रेट नॉर्थ’ प्रतिनिधिमंडल का करेंगे नेतृत्व
लंदन, 09 अक्टूबर (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने …








