शांति वार्ता से पहले भड़की आग! US नेवी ने ईरानी जहाज पर गोलीबारी कर किया कब्जा, ट्रंप बोले- सबक सिखाएंगे
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। अमेरिकी नौसेना द्वारा ओमान की खाड़ी में ईरानी जहाज ‘TOUSKA’ को जब्त करने से तनाव चरम पर है। ईरान ने इसे “समुद्री डकैती” बताया, जबकि ट्रंप ने नाकेबंदी जारी रखने का ऐलान किया है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी तनाव के बीच एक नई घटना ने हालात को और गंभीर बना दिया है। अमेरिकी नौसेना ने ईरानी झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिससे क्षेत्र में पहले से चल रहे टकराव में और तेजी आ गई है। बताया जा रहा है कि यह जहाज अमेरिकी नाकेबंदी को पार करने की कोशिश कर रहा था।
इस बात की जानकारी देते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस जहाज का नाम “TOUSKA” है और इसे ओमान की खाड़ी में अमेरिकी विध्वंसक USS Spruance ने रोका। ट्रंप के अनुसार, जहाज ने कई चेतावनियों के बावजूद रुकने से इनकार किया, जिसके बाद उसे बलपूर्वक रोककर अपने नियंत्रण में ले लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि यह जहाज पहले भी कथित अवैध गतिविधियों में शामिल रहा है और फिलहाल अमेरिकी मरीन उसके कार्गो की जांच कर रहे हैं।
ईरान ने बताया समुद्री डकैती
इस कार्रवाई पर ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ईरानी अधिकारियों ने इसे “समुद्री डकैती” करार देते हुए चेतावनी दी है कि इसका जवाब जल्द दिया जाएगा। उनका आरोप है कि अमेरिकी नौसेना ने जहाज पर गोलीबारी कर युद्धविराम का उल्लंघन किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना के बाद ईरानी ड्रोन द्वारा एक अमेरिकी सैन्य जहाज को निशाना बनाने की कोशिश भी की गई।
यह जहाज कथित रूप से चीन से ईरान की ओर जा रहा था, जो इस पूरे घटनाक्रम को और जटिल बनाता है। इस कार्रवाई का समय भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह इस्लामाबाद में प्रस्तावित अमेरिका-ईरान शांति वार्ता से ठीक पहले हुई है। जहां अमेरिका बातचीत के लिए अपना प्रतिनिधिमंडल भेज रहा है, वहीं ईरान पहले ही इसमें शामिल होने से इनकार कर चुका है।
समझौता होने तक जारी रहेगी नाकेबंदी: ट्रंप
ईरान का कहना है कि अमेरिका की “अत्यधिक मांगें” और लगातार बदलते रुख ने हालात को बिगाड़ा है। वहीं ट्रंप ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी शर्तों के अनुसार समझौता नहीं होता, तब तक होर्मुज में नाकेबंदी जारी रहेगी।
इस बीच, CMA CGM ने भी पुष्टि की है कि उसके एक जहाज पर इसी क्षेत्र में गोलीबारी की गई थी, जो इस संकट के बढ़ते दायरे को दर्शाता है। कुल मिलाकर, हालात तेजी से तनावपूर्ण होते जा रहे हैं और किसी बड़े टकराव की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
भारत को अपनी कूटनीतिक रणनीति में आमूल-चूल बदलाव की जरूरत : कांग्रेस
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। कांग्रेस ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत …








