Home देश-दुनिया रास में बीजद ने की ओडिशा को अतिरिक्त मदद दिए जाने की मांग

रास में बीजद ने की ओडिशा को अतिरिक्त मदद दिए जाने की मांग

नई दिल्ली, 06 अगस्त (ऐजेंसी/अशोक एक्सप्रेस)। तटीय राज्य ओडिशा में अक्सर प्राकृतिक आपदाएं आने का जिक्र करते हुए बीजू जनता दल (बीजद) के एक सदस्य ने शुक्रवार को राज्यसभा में मांग की कि प्रदेश को अतिरिक्त सहायता दी जानी चाहिए।

शून्यकाल के दौरान बीजद के सस्मित पात्रा ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि आए दिन प्राकृतिक आपदाओं का सामना करने वाले ओडिशा में और अधिक अवसंरचना के विकास की जरूरत है और इसके लिए उसे अतिरिक्त मदद चाहिए।

जब पात्रा यह मुद्दा उठा रहे थे तब विभिन्न विपक्षी दलों के सदस्य सदन में अपने-अपने मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर आसन के समक्ष हंगामा कर रहे थे। हंगामे के बीच ही पात्रा ने कहा कि बीते करीब एक साल में ओडिशा ने चक्रवात अम्फान, फोनी, तितली के साथ ही बाढ़ का भी सामना किया है जिससे उसकी अवसंरचना को गहरा नुकसान हुआ है।

पात्रा ने विभिन्न योजनाओं में केंद्र और राज्य की हिस्सेदारी के तरीके में बदलाव की मांग भी की। उन्होंने कहा ‘‘कई योजनाओं में यह हिस्सेदारी 60ः40 की है अर्थात केंद्र की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत और राज्य की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत होती है। और प्रशासनिक लागत जोड़ दी जाए तो यह 50ः50 प्रतिशत की हो जाती है। हमारे राज्य को आए दिन प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ता है जिससे गहरा नुकसान होता है। राज्य के मुख्यमंत्री ने मांग की है कि आपदा के बाद तीन साल तक विभिन्न योजनाओं में केंद्र और राज्य की हिस्सेदारी 90ः10 प्रतिशत की होनी चाहिए। ‘‘

बीजद सदस्य ने यह भी मांग की कि पिछड़े और अक्सर प्राकृतिक आपदाओं का सामना करने वाले ओडिशा जैसे विभिन्न राज्यों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Check Also

एनएसई 24 अप्रैल से निफ्टी नेक्स्ट 50 पर वायदा अनुबंधों की पेशकश करेगा

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (ऐजेंसी/अशोका एक्स्प्रेस)। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने बृहस्पतिवा…